योगी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके डीए को बढ़ाने का किया ऐलान

होली से ठीक पहले योगी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके डीए को बढ़ाने का ऐलान किया है। योगी सरकार ने सभी राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों के डीए में 4 फीसदी का इजाफा किया है।इन सभी लोगों को बढ़े हुए डीए का लाभ एक जनवरी 2024 से मिलेगा।
महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी से प्रदेश के 10 लाख राज्य कर्मचारियों, 8 लाख शिक्षकों और 12 लाख पेंशनरों को इसका लाभ मिलेगा। वित्त विभाग की ओर से डीए में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दे दी गई है। आज इस बाबत आधिकारिक आदेश जारी कर दिया जाएगा। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को केंद्र सरकार ने भी अपने कर्मचारियों का 4 फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाया था।
प्रदेश सरकार के इस फैसले के बाद कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा होगा। कर्मचारियों को अब 46 फीसदी महंगाई भत्ते की जगह 50 फीसदी महंगाई भत्ता दिया जाएगा। वहीं 12 पेंशनरों को भी इसका लाभ होगा। हालांकि प्रदेश सरकार के खजाने पर इससे 314 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
गौर करने वाली बात है कि कुछ ही दिनों ने आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है, ऐसे में केंद्र सरकार के फैसले के तुरंत बाद राज्य सरकार ने भी कर्मचारियों के डीएम में इजाफे का ऐलान कर दिया है। माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव और होली दोनों को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
