म्योरपुर-लिलासी मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे गहरा गड्ढा बना हादसों का कारण, स्थायी समाधान की मांग
म्योरपुर-लिलासी मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे गहरा गड्ढा बना हादसों का कारण, स्थायी समाधान की मांग

संवाददाता (अहमद राजा )
म्योरपुर (सोनभद्र): म्योरपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास लिलासी जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे बना गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि हर वर्ष बरसात के दौरान सड़क कटने से यहां इसी तरह का गहरा गड्ढा बन जाता है। बावजूद इसके संबंधित विभाग स्थायी समाधान करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर देता है।
ग्रामीणों के अनुसार म्योरपुर-लिलासी मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन, स्कूली बच्चे तथा पैदल राहगीर आवागमन करते हैं। सड़क के बिल्कुल किनारे बना यह गहरा गड्ढा किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बारिश के दौरान कटाव बढ़ने से गड्ढा और गहरा हो जाता है, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश शुरू होते ही सड़क किनारे कटाव हो जाता है। विभाग की ओर से केवल मिट्टी डालकर गड्ढे को भरने की औपचारिकता निभाई जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों की बारिश में मिट्टी बह जाती है और सड़क फिर उसी स्थिति में पहुंच जाती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से रिटेनिंग वॉल, पक्की मरम्मत और अन्य स्थायी सुरक्षा उपाय कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
