चोपन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक, सावन, कांवड़ यात्रा व चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट।
चोपन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक, सावन, कांवड़ यात्रा व चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट।

चोपन /सोनभद्र। सावन माह, कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को चोपन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्राइम इंस्पेक्टर राजेश यादव ने की।
बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक आयोजकों, धर्मगुरुओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
क्राइम इंस्पेक्टर राजेश यादव ने सभी से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम के आयोजकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब एवं आपसी सौहार्द की परंपरा को और मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी, कस्बा प्रभारी मनोज सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा सावन, कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।
