सावन के दूसरे सोमवार की तैयारियों को लेकर गोठानी के ऐतिहासिक शिव मंदिर में बैठक
सावन के दूसरे सोमवार की तैयारियों को लेकर गोठानी के ऐतिहासिक शिव मंदिर में बैठक,व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

संवाददाता सद्दाम कुरैशी
चोपन/सोनभद्र। सावन माह के दूसरे सोमवार पर बाबा सोमनाथ के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चोपन क्षेत्र के गोठानी स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर परिसर में मंदिर समिति की दूसरी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। समिति ने सभी संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया।
मंदिर समिति के सदस्य श्री विद्या शंकर पांडे ने बताया कि मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस संबंध में सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से भी प्रशासन एवं मंदिर समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक करने की अपील की।
