अमलोरी क्षेत्र में पराक्रम दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया

अमलोरी क्षेत्र में पराक्रम दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया

संवाददाता राजू यादव

सिंगरौली:अमलोरी क्षेत्र में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर 23 जनवरी 2026 को पराक्रम दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अमलोरी परियोजना के मुख्य द्वार तथा परियोजना के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर में स्थापित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामय वातावरण में किया गया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नेताजी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का जीवन देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका नारा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” आज भी हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है।

इस अवसर पर अमलोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक आलोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नेताजी के विचारों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती देशभर में प्रतिवर्ष पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जाती है, जो उनके अद्वितीय साहस, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण की स्मृति को जीवंत बनाए रखती है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]