राहुल गांधी को पाकिस्तानी नेता ने दिया समर्थन तो भड़के पीएम मोदी, कहा- कांग्रेस पाक की मुरीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। पीएम मोदी ने कहा है कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। पीएम मोदी ने कांग्रेस को पाकिस्तान का मुरीद भी बता दिया है।दरअसल, हाल ही में पाकिस्तान में इमरान सरकार के पूर्व मंत्री रहे चौधरी फवाद हुसैन ने राहुल गांधी का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया था और राहुल गांधी की तारीफ की थी। अब इस मुद्दे को लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है।
कांग्रेस मर रही है तो पाकिस्तान को रोना आ रहा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने गुरुवार को गुजरात के आणंद शहर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। यहां पीएम मोदी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आज जब कांग्रेस कमजोर हो रही है, यहां कांग्रेस मर रही है तो पाकिस्तान को रोना आ रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है।
कांग्रेस पाकिस्तान की मुरीद है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि इस बात से कोई आश्चर्य नहीं होता है क्योंकि, हम पहले से ही जानते हैं कि कांग्रेस पाकिस्तान की मुरीद है। पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान और कांग्रेस की साझेदारी का पर्दाफाश हो गया है। यह दिखाता है कि देश के दुश्मन भारत में मजबूत नहीं बल्कि कमजोर सरकार चाहते हैं।
