प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कॉरपोरेट क्षेत्र को दी गई आयकर राहत की सराहना करते हुए बड़ा सवाल किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कॉरपोरेट क्षेत्र को दी गई आयकर राहत की सराहना करते हुए बड़ा सवाल किया. उन्होंने उद्योग जगत से सवाल पूछा है कि क्या उन्होंने कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाई या नए लोगों को नौकरी पर रखा?
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी समारोह में पीएम मोदी ने भारतीय उद्योग जगत से अनुरोध किया कि टैक्स कटौती का लाभ कर्मचारियों तक भी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए.
पीएम मोदी ने उद्योग जगत के लोगों से क्या सवाल किया?
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘2014 में कॉरपोरेट टैक्स की बेसिक रेट 30 प्रतिशत थी. हमने इसे घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया. आज भारत में 12 लाख रुपये तक की कमाई पर कोई इनकम टैक्स नहीं है.’ इसके बाद उन्होंने उद्योग जगत के लोगों से सवाल किया, ‘मैंने 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स माफ कर दिया, लेकिन क्या आपने सैलरी बढ़ाई या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई? ‘मोदी जी आप कर दीजिए, हम देख लेंगे’ क्या इसी तरह से काम होगा?’ पीएम मोदी के इस सवाल पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी गूंज उठी.
