अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ की घटना में राजस्थान के अलवर के केसरपुर गांव का निवासी अग्निवीर समुद्र गुर्जर 6 दिन से लापता

अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ की घटना में राजस्थान के अलवर के केसरपुर गांव का निवासी अग्निवीर समुद्र गुर्जर लापता हो गया। इस घटना में सात जवान लापता हुए थे, इनमें दो जवानों का रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि अग्निवीर समुद्र गुर्जर अभी भी लापता है।
घटना के 6 दिन बीत जाने के बाद भी जवान का कोई सुराग नहीं लगा है। सेना की ओर से उसकी तलाश जारी है।
रक्षाबंधन से पहले घर आने का था वादा
24 वर्षीय अग्निवीर जवान समुद्र गुर्जर 2 बहनों का इकलौता भाई है। जवान की अभी शादी नहीं हुई है। पिता बदली राम किसान है। समुद्र रक्षाबंधन के पावन त्यौहार से ठीक पहले छुट्टी लेकर घर आने वाला था। रक्षाबंधन की तैयारियां और बेटे के घर आने की खुशी को लेकर परिवार में उत्साह था लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। अरुणाचल में हुए भयानक हादसे ने पल भर में सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।
10 मई को हुई थी आखिरी बार बात
समुद्र के पिता बदली गुर्जर ने बताया कि समुद्र से उनकी आखिरी बार 10 मई को बात हुई थी। वह मई में छुट्टी पर घर आया था और करीब 10 दिन बाद ही ड्यूटी पर लौट गया। जाते वक्त उसने वादा किया था कि वह जल्द ही दोबारा छुट्टी लेकर घर लौटेगा। पिता ने बताया कि समुद्र ने कहा था वह कुछ दिन में छुट्टी लेकर घर आएगा और पिता के पैरों में दर्द का ऑपरेशन करवाएगा। इसके बाद सेना के अधिकारियों की ओर से परिवार को फोन कर बताया गया कि दिबांग वैली क्षेत्र में बादल फटने की घटना हुई है, जिसमे समुद्र गुर्जर लापता है।
