525.67 लाख रुपये की लागत से बनेगा नवीन जनपद पंचायत भवन, राज्य मंत्री राधा सिंह ने किया भूमिपूजन
525.67 लाख रुपये की लागत से बनेगा नवीन जनपद पंचायत भवन, राज्य मंत्री राधा सिंह ने किया भूमिपूजन

विधायक रामनिवास शाह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम, ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं
सिंगरौली, 26 नवंबर 2026। बैढ़न में 525.67 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन जनपद पंचायत भवन का भूमिपूजन आज मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता जनपद पंचायत बैढ़न की अध्यक्ष श्रीमती सविता सिंह ने की। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव,पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष श्री नरेश शाह, एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री अजीत बरवा सहित

अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण से ग्रामीण विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी। राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह भवन जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि आधुनिक जनपद पंचायत भवन का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भवन निर्माण पूर्ण होने पर ग्रामीण अंचलों से आने वाले नागरिकों को अपने कार्यों के निष्पादन में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा विभागीय कार्यों में भी सुगमता आएगी।
