एनटीपीसी सिंगरौली ने 5एस प्रमाणन प्राप्त कर रचा उत्कृष्टता का नया कीर्तिमान
एनटीपीसी सिंगरौली ने 5एस प्रमाणन प्राप्त कर रचा उत्कृष्टता का नया कीर्तिमान

राजू यादव क्राइम प्रधान संपादक
एनटीपीसी सिंगरौली ने कार्यस्थल प्रबंधन, गुणवत्ता संवर्धन एवं सतत् सुधार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित करते हुए क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (क्यूसीएफ़आई) द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठित 5एस (5S) प्रमाणन सफलतापूर्वक प्राप्त किया है।

इस उपलब्धि के लिए बिजनेस एक्सीलेंस (बीई) विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 5एस प्रमाणन ऑडिट का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। ऑडिट दल का नेतृत्व श्री जॉयदेव सेन गुप्ता (क्यूसीएफ़आई, हैदराबाद) ने किया, जबकि उनके साथ श्री ए. एम. चक्रवर्ती एवं श्रीमती अरुणा सिंह (क्यूसीएफ़आई, वाराणसी) ने ऑडिट प्रक्रिया का संचालन किया। ऑडिट टीम ने एनटीपीसी सिंगरौली में कार्यस्थल की सुव्यवस्थित व्यवस्था, सतत् सुधार की संस्कृति, कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता तथा 5एस सिद्धांतों के प्रभावी क्रियान्वयन की मुक्त कंठ से सराहना की।

ऑडिट के उपरांत प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर एनटीपीसी सिंगरौली को क्यूसीएफ़आई द्वारा 5एस प्रमाणन प्रदान किया गया, जो संगठन की गुणवत्ता उत्कृष्टता, प्रचालन दक्षता तथा सुरक्षित एवं अनुशासित कार्य संस्कृति के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

प्रमाणन समारोह में श्री ई. प्रभाकर राव, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली, मुख्य अतिथि के रूप में एवं वनिता समाज की अध्यक्षा श्रीमती ई. निर्मला विशिष्ट अतिथि के रूप मे उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री आर. आर. मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना), वरिष्ठ अधिकारीगण, सभी विभागाध्यक्ष, वनिता समिति की सदस्याएँ, 5एस समन्वयक तथा जागृति समूह के सदस्य भी गरिमामयी उपस्थिति के साथ समारोह के साक्षी बने।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया, जबकि चिकित्सा विभाग को 5एस के प्रभावी एवं समग्र क्रियान्वयन के लिए ‘ओवरऑल 5एस एक्सीलेंस’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस संपूर्ण प्रमाणन प्रक्रिया का सफल समन्वयन बिजनेस एक्सीलेंस (बीई) विभाग द्वारा किया गया। यह उपलब्धि एनटीपीसी सिंगरौली के प्रत्येक कर्मचारी की सामूहिक प्रतिबद्धता, अनुशासित कार्य संस्कृति तथा उत्कृष्टता की निरंतर साधना का प्रतिफल है।
एनटीपीसी सिंगरौली भविष्य में भी गुणवत्ता, नवाचार, दक्षता एवं सतत् सुधार के उच्चतम मानकों को अपनाते हुए ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करता रहेगा।
