शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, मेड़र माता धाम में गूंजी भक्ति की रसधारा।

शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, मेड़र माता धाम में गूंजी भक्ति की रसधारा।

संवाददाता सद्दाम कुरेशी

सप्तदिवसीय श्रीराम कथा में कथाव्यास दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज ने सुनाई शिव-पार्वती के दिव्य विवाह एवं सती-पार्वती प्रसंग की मार्मिक कथा, भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु।

चोपन /सोनभद्र- मेड़र माता मंदिर परिसर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीराम कथा के दौरान कथाव्यास दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के मंगल विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं सजीव वर्णन किया। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु स्वयं को शिव-पार्वती विवाह के साक्षी के रूप में अनुभव करते रहे तथा भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर भक्ति भाव में झूम उठे।
कथाव्यास ने बताया कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए महर्षि नारद के निर्देश पर कठोर तपस्या की थी। उनकी अटूट भक्ति और तप से प्रसन्न होकर भगवान भोलेनाथ ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया। महाराज ने भगवान शिव की अलौकिक बारात और दिव्य विवाह का ऐसा मनोहारी चित्रण किया कि पूरा पंडाल “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।

उन्होंने सती-पार्वती प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान शिव जब अगस्त्य ऋषि के आश्रम से लौट रहे थे, तब उन्हें भगवान श्रीराम के दर्शन हुए। शिवजी ने दूर से ही प्रभु को प्रणाम किया और सती से भी ऐसा करने को कहा, लेकिन सती ने श्रीराम की परीक्षा लेने के लिए सीता का रूप धारण कर लिया। इस कारण भगवान शिव ने मन ही मन उनका त्याग कर दिया, किंतु कभी कटु वचन नहीं कहे। कथाव्यास ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को भगवान शिव के आदर्श आचरण से उत्तम पति बनने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
आगे उन्होंने बताया कि पिता दक्ष के यज्ञ में हुए भगवान शिव के अपमान से व्यथित होकर सती ने यज्ञकुंड में आत्माहुति दे दी और अगले जन्म में पार्वती के रूप में अवतरित होकर पुनः भगवान शिव का वरण किया। इस भावपूर्ण प्रसंग को सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथा में चोपन सहित जनपद सोनभद्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]