म्योरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरप्रांतीय जुआ गैंग का पर्दाफाश, 20 गिरफ्तार
म्योरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरप्रांतीय जुआ गैंग का पर्दाफाश, 20 गिरफ्तार

म्योरपुर संवाददाता (अहमद राजा )
सोनभद्र /म्योरपुर– पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरप्रांतीय जुआ गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 20 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए ₹2,34,300 नकद, 4 चारपहिया वाहन, 3 ताश की गड्डियां एवं 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री राजेश कुमार राय के निकट पर्यवेक्षण में थाना म्योरपुर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 03 मई 2026 को थानाध्यक्ष म्योरपुर मय पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण व चेकिंग के दौरान चौकी लिलासी क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुदरी (भवहर टोला) में 18-20 व्यक्ति ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना म्योरपुर में मुकदमा संख्या 59/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद चारपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज किया गया है।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आपस में परिचित हैं और समय-समय पर एकत्र होकर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों की बाजी लगाकर जुआ खेलते हैं। घटना के दिन सभी आरोपी सुनसान स्थान पर तिरपाल बिछाकर बैट्री लाइट के सहारे जुआ खेल रहे थे।
अभियुक्तों ने बताया कि वे जानबूझकर ऐसे स्थानों का चयन करते हैं, जहां आमजन की आवाजाही कम हो, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। वाहनों को भी आसपास छिपाकर रखा जाता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी अन्य जनपदों एवं राज्यों से आकर इस गतिविधि में शामिल होते थे। इस गैंग का मुख्य संचालक राजेश कुमार पुत्र हरिप्रसाद (निवासी कुदरी, म्योरपुर) है, जो अन्य लोगों को एकत्र कर जुआ खेलने की व्यवस्था करता था।
पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क एवं अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बरामदगी का विवरण
नकद धनराशि (फड़ से): ₹2,09,700
जामा तलाशी से: ₹24,600
ताश की गड्डियां: 03
मोबाइल फोन: 17 एंड्रॉयड व 03 कीपैड
04 चारपहिया वाहन (ब्रेज़ा, किया, वैगनआर, अर्टिगा) – बिना वैध कागजात सीज
गिरफ्तार अभियुक्त
(1) राजेश कुमार, (2) रमेश प्रसाद गुप्ता, (3) जहीर खान, (4) विजय शंकर, (5) रणविजय शाह,
(6) जलेश्वर प्रसाद जायसवाल, (7) कमलेश कुमार, (8) राजेश गुप्ता, (9) राजेश कुमार सिंह, (10) अनवर अंसारी,
(11) शिवचंद, (12) राजाराम दूबे, (13) विजय कुमार यादव, (14) पंचानंद जायसवाल, (15) अंकेश जायसवाल,
(16) दीपु प्रसाद, (17) जानू, (18) लाल बिहारी शाह, (19) देवेश कुमार जायसवाल, (20) श्रवण कुमार।
कार्रवाई करने वाली टीम
थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, अनंत राय सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
सोनभद्र पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है
