मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण फैसले लिए,गेहूं खरीदी पर मिलेगा 40 प्रति क्विंटल बोनस

मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के बाद कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

गेहूं खरीदी पर मिलेगा 40 प्रति क्विंटल बोनस

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस वर्ष गेहूं की सरकारी खरीदी पर किसानों को ₹40 प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा और उन्हें बेहतर समर्थन मूल्य प्राप्त होगा।

पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाई

सरकार ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी है। इससे वे किसान भी पंजीयन करा सकेंगे जो किसी कारणवश तय समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाए थे।

उड़द खरीदी पर 600 प्रति क्विंटल बोनस

सरकार ने दाल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उड़द की खरीदी पर 600 प्रति क्विंटल बोनस देने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अधिक से अधिक उड़द की खेती करने की अपील की, ताकि उन्हें इस बोनस का लाभ मिल सके और अगली फसल की तैयारी भी समय पर हो सके।

किसानों को दिन में मिलेगी सिंचाई के लिए बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे रात में खेतों में सिंचाई करने के दौरान होने वाले जोखिम और दुर्घटनाओं से किसानों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]