धूमधाम से सजी शिव बारात, भक्ति में रंगा एनटीपीसी परिसर

धूमधाम से सजी शिव बारात, भक्ति में रंगा एनटीपीसी परिसर

संवाददाता राजू यादव

शक्तिनगर/सोनभद्र। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली के आवासीय परिसर में रविवार को भव्य शिव बारात का आयोजन पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शक्तेश्वर शिव मंदिर से हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए।
ढोल-नगाड़ों की थाप, भजनों की मधुर स्वर-लहरियों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिला, पुरुष एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए बारात की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संदीप नायक द्वारा भगवान शंकर की विधिवत पूजा-अर्चना से की गई। पूजन के पश्चात सजे-धजे रथ पर विराजमान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी के साथ शिव बारात निकाली गई।
बारात सेक्टर-1, बी-टाइप आवास, सिविल मेंटेनेंस कार्यालय एवं विवेकानंद विद्यालय सेक्टर-5 होते हुए महाप्रबंधक आवास तक पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर पुष्पवर्षा की तथा स्वागत किया। कई स्थानों पर भंडारे एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।
शाम को बारात पुनः मंदिर परिसर में पहुंची, जहां सामूहिक आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन से पूरे एनटीपीसी परिसर में भक्ति, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]