डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, खड़िया में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, खड़िया में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न

क्राइम संपादक रविंद्र सिंह
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, खड़िया में आज 77वां गणतंत्र दिवस वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ की थीम पर अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ए.आर.ओ./प्राचार्या श्रीमती संध्या एल. पांडेय के कुशल मार्गदर्शन में मुख्य अतिथि श्री के.डी. जैन, महाप्रबंधक, खड़िया परियोजना द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी देने के साथ हुआ। तत्पश्चात राष्ट्रगान के पश्चात संपूर्ण परिसर देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान मुख्य अतिथि श्री के.डी. जैन ने सपत्नी श्रीमती सुनीता जैन (अध्यक्षा, संजीवनी महिला मंडल समिति), एस.ओ.पी. श्री विवेक चतुर्वेदी, सी.डी. मैनेजर श्री अमरेंद्र, शाखा प्रबंधक, सी.एम.ओ. तथा अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ सामूहिक दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
ए आर ओ /प्राचार्या श्रीमती संध्या एल पांडेय जी ने मुख्य अतिथि सहित सभी का हार्दिक अभिनंदन करते हुए अपने संदेश में बताया कि हम सभी उन वीर महापुरुषों के आभारी हैं जिन्होंने अपने प्राणों की बाजी लगाकर देश को आजादी दिलाई और उसे गणतंत्र का स्वरूप दियाl साथ ही साथ उन्होंने भारतीय संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमें गर्व है कि हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है l
अश्मि शुक्ला के निर्देशन में विद्यार्थियों ने “सांसों की सरगम बोले सुस्वागतम” गीत के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। हिंदी शिक्षक अर्जुन मिश्रा के निर्देशन में कक्षा 11 के छात्र सुंदरलाल ने वीर सपूतों की गाथा प्रस्तुत की, वहीं रेनू सिंह के निर्देशन में कक्षा 9 के छात्र प्रवीण पाण्डेय ने ओजस्वी देशभक्ति भाषण दिया।
दीक्षा द्विवेदी के निर्देशन में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने संगीत एवं नृत्य के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीकों—कमल, बाघ, मोर, बरगद आदि—की मनोहारी प्रस्तुति दी। डॉ. ए.एम. सिंह के निर्देशन में चंद्रशेखर आज़ाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित झांकी ने सभी को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
अंशु प्रिया पांडेय के निर्देशन तथा दीपांशी एवं दीक्षा द्विवेदी के सहयोग से प्रस्तुत झांकी में आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, विज्ञान एवं तकनीकी उपलब्धियाँ, भारतीय थल-जल-वायु सेना की शौर्यगाथा के साथ-साथ नागालैंड, ओडिशा, असम, पंजाब, बंगाल एवं उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक झलक, अयोध्या-काशी की धार्मिक विरासत तथा ऊर्जा धानी सोनभद्र की उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
पी.ई.टी. अल्पना शर्मा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य एवं व्यायाम का संदेश दिया, वहीं “न झुकेगा देश, न झुकेंगे हम” कार्यक्रम ने जनमानस में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया।
मुख्य अतिथि श्री के.डी. जैन ने सभी प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा खड़िया परियोजना की तकनीकी प्रगति पर प्रकाश डाला। प्राचार्या ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्य उपलब्धियों में सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सी.सी.ए. प्रभारी श्रीमती मंजू शुक्ला ने किया एवं संस्कृत शिक्षक श्री नितेश दुबे ने धन्यवाद व कृतज्ञता ज्ञापित किया। संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत प्रभावशाली, अनुकरणीय एवं सराहनीय रहा।
संध्या एल पांडेय
ए आर ओ, यू पी ज़ोन डी / एवं प्राचार्या
डी ए वी पब्लिक स्कूल खड़िया
