पीएम मोदी ने दी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात, क्या है इसमें खास, कितना लगेगा किराया?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में देशवासियों को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज से भारत में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत हो रही है।ये वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देशवासियों के लंबे सफर को और आरामदायक, शानदार और यादगार बनाएंगी। जानिए कहां चलेगी यह ट्रेन, क्या है इसमें खास, इसमें सफर के लिए कितना लगेगा किरा,या?
पीएम मोदी कहा कि देश की ये पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, मां काली की धरती को मां कामाख्या की भूमि को जोड़ रही है। आने वाले समय में पूरे देश में, इस आधुनिक ट्रेन का विस्तार होगा। मैं बंगाल को, असम को, पूरे देश को इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन के लिए बधाई देता हूं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज भारतीय रेल आधुनिक होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी हो रही है। भारत के रेल इंजन, भारत के रेल के डिब्बे, भारत के मेट्रो कोच, ये सब भारत की टेक्नोलॉजी की पहचान बन रहे हैं। आज हम अमेरिका और यूरोप से ज्यादा लोकोमोटिव्स बना रहे हैं। दुनिया के कई देशों को पैसेंजर ट्रेन और मेट्रो ट्रेन के कोच एक्सपोर्ट करते हैं। इन सब के कारण हमारी इकोनॉमी को बहुत लाभ मिलता है और हमारे नौजवानों को बहुत रोजगार मिलता है।
उन्होंने कहा कि आज बंगाल को चार और आधुनिक, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिली हैं। न्यू जलपाईगुड़ी- नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी – तिरुच्चिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, अलीपुर द्वार – बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस और अलीपुर द्वार – मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस से बंगाल की दक्षिण और पश्चिम भारत से कनेक्टिविटी और सशक्त होगी।
