मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस का सघन जन-जागरूकता अभियान
मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस का सघन जन-जागरूकता अभियान

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से *मिशन शक्ति अभियान 5.0* के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में सोनभद्र पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र *श्री अभिषेक वर्मा* के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात *डॉ. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी – मिशन शक्ति 5.0)* के नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, महिला हेल्पलाइन सेवाओं तथा आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
महिलाओं को निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने, किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तत्काल देने एवं कानून का सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
*महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर*
112 – आपातकालीन सेवा
1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
*सोनभद्र पुलिस जनसामान्य से अपील करती है कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित किसी भी अपराध अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा उपरोक्त हेल्पलाइन नंबरों पर दें। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास बनाए रखना सोनभद्र पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।*
