बीजेपी ने अजित पवार को दिया 440 वोल्ट का झटका

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को करारा झटका दिया है. बीजेपी ने पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम (PCMC) के 13 पूर्व कॉर्पोरेटर्स को अपने खेमे में शामिल कर लिया, जिनमें से कम से कम 9 नेता अजित पवार गुट की एनसीपी से जुड़े रहे हैं.
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम को अजित पवार के लिए 440 वोल्ट का झटका माना जा रहा है.
इस शक्ति प्रदर्शन का आयोजन शनिवार को मुंबई में किया गया, जिसे शुक्रवार तक गोपनीय रखा गया था. यहां बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. बीजेपी ने साफ संकेत दिया कि हाल ही में एनसीपी की तरफ से उसके तीन पूर्व नगरसेवकों को तोड़ने का जवाब अब कई गुना ताकत के साथ दिया गया है.
कौन-कौन हुए बीजेपी में शामिल?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी में शामिल होने वालों में पूर्व मेयर संजोग वाघेरे (शिवसेना उद्धव गुट), पूर्व स्थायी समिति अध्यक्ष ऊषा वाघेरे (एनसीपी), प्रशांत शितोले (एनसीपी), विनोद नाडे (एनसीपी), पूर्व उपमहापौर प्रभाकर वाघेरे (एनसीपी), पूर्व मेयर राजू मिसाल (एनसीपी), अमित गवाड़े, मीनलताई यादव और रवि लांडे (तीनों शिवसेना उद्धव गुट), समीर मसूलकर और नवनाथ जगताप (एनसीपी) शामिल हैं. इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व नगरसेवक और पिंपरी-चिंचवाड़ कांग्रेस अध्यक्ष कैलास कदम के भाई सद्गुरु कदम ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है.
क्या कह रही बीजेपी?
बीजेपी विधायक महेश लांडे ने इस घटनाक्रम को लेकर कहा कि कुछ दिन पहले अजित पवार ने बीजेपी के कुछ पूर्व नगरसेवकों को अपनी पार्टी में शामिल किया था, लेकिन अब बीजेपी ने मजबूती से जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि अलग-अलग दलों से कुल 23 बड़े नेताओं को बीजेपी में शामिल किया गया है, जिनमें 13 पूर्व नगरसेवक हैं. लांडे ने राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि पिंपरी-चिंचवाड़ में ‘दिवाली शुरू हो गई है’ और यह चुनाव अब ‘पिंपरी-चिंचवाड़ के दादा बनाम बारामती के दादा’ की लड़ाई होगा.
बीजेपी नेताओं का दावा है कि यह सब स्थानीय स्तर पर लिया गया फैसला है और इसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का पूरा समर्थन महेश लांडे को मिल रहा है. वहीं, पिंपरी-चिंचवाड़ बीजेपी अध्यक्ष शत्रुघ्न काटे ने कहा कि सभी पूर्व नगरसेवक स्वेच्छा से पार्टी में आए हैं और भविष्य में और भी शामिल हो सकते हैं.
एनसीपी का क्या कहना है?
इस घटनाक्रम से एनसीपी खेमे में खलबली मच गई है. एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि इस मुद्दे पर पहले भी बीजेपी नेतृत्व से चर्चा हुई थी और दोनों दलों के बीच एक-दूसरे के नेताओं को न तोड़ने पर सहमति बनी थी, लेकिन अब फिर से इस पर बातचीत की जरूरत है.
वहीं, पिंपरी-चिंचवाड़ एनसीपी अध्यक्ष योगेश बहल ने कहा कि नेताओं का आना-जाना चलता रहता है, असली फैसला जनता करती है. उन्होंने दावा किया कि एनसीपी भी बीजेपी को राजनीतिक जवाब देगी.
राजनीतिक गलियारों में अब यह सवाल उठने लगा है कि लगातार टूट और दबाव झेल रहे अजित पवार आगे क्या रणनीति अपनाएंगे. क्या वे अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए फिर से अपने चाचा और एनसीपी प्रमुख शरद पवार के करीब जाएंगे, या अलग राह पर ही मजबूती से डटे रहेंगे… इसका जवाब आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति तय करेगी.
