पत्नी ने प्रेमी को सुपारी देकर पति की हत्या करा दी

मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए सोनम रघुवंशी जैसा केस राजस्थान से भी सामने आया है. यहां भी पत्नी ने प्रेमी को सुपारी देकर पति की हत्या करा दी. हत्या जैसा प्रतीत न हो इसके लिए उसे सड़क पर ही फेंक दिया ताकि परिजन एक्सीडेंट समझें.
लेकिन पुलिस की सक्रियता ने सब कुछ बेनकाब कर दिया. फिलहाल पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
दरअसल, यह मामला राजस्थान के नागौर जिले का है. जहां 29 नवंबर की रात बोरवाड़ रोड पर पुलिस को एक शव पड़ा मिला. पुलिस को शुरुआती जांच में एक्सीडेंट का मामला लगा लेकिन बॉडी पर कई बड़े घाव के निशान पाए गए. जिसके बाद शक गहरा गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी. इस दौरान पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए. क्योंकि मृतक सुरेंद्र की मौत पर घड़ियाली आंसू बहा रही उसकी पत्नी ही कातिल निकली. उसने अपनी भोली सूरत के पीछे कातिल चेहरा छुपा रखा था. लेकिन पुलिस से बच नहीं पाई.
सुरेंद्र जो पेशे से एक निजी स्कूल में शिक्षक थे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां कराते थे. उसकी शादी साल 2018 में रेखा नाम की एक लड़की से हुई, शादी के समय रेखा की पढ़ाई अधूरी थी इसलिए वह पढ़ाई करने के लिए कुमाचन चली गई. इस दौरान उसकी मुलाकात एक राजूराम नाम के एक लड़के से हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. अब रेखा का ध्यान सुरेंद्र से हटकर राजूराम पर आ गया. राजूराम और रेखा के बीच सुरेंद्र कोई रोड़ा न बने, इसलिए उसको ठिकाने लगाने की प्लानिंग कर ली. सुरेंद्र को मारने के लिए पूरी प्लानिंग ही रेखा ने नागपुर में बैठकर की.
