मदीना से हैदराबाद जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 058 को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी

मदीना से हैदराबाद जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 058 को कथित तौर पर बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है.
फ्लाइट में 180 यात्रियों के अलावा 6 क्रू मेंबर्स सवार थे. 2 दिन पहले भी विमान में मानव बम की धमकी की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी.
एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट ने मदीना से उड़ान भरी थी और वह हैदराबाद जा रही थी. लेकिन इस बीच यह विमान में बम होने की धमकी मिली. ऐसे में विमान की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
सूत्रों का कहना है कि विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराए जाने के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया और फिर उसकी जांच कराई गई. बताया जा रहा है कि एक यात्री ने विमान में बम होने का दावा किया जिसके बाद हड़कंप मच गया. विमान की जांच की जा रही है. संदिग्ध यात्री से भी पूछताछ की जा रही है.
इससे 2 दिन पहले मंगलवार को भी ऐसी ही एक धमकी सामने आई थी जिसकी वजह से कुवैत से हैदराबाद जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट किया गया और वहां पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान में ह्यूमन बम होने की धमकी दी गई. हैदराबाद और दिल्ली एयरपोर्ट को ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई.
धमकी की बात सामने आते ही सुरक्षा एजेंसी फौरन अलर्ट हो गए और त्वरित कार्रवाई करते हुए विमान को मुंबई एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया और उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
