जनजातीय समाज की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है डबल इंजन सरकार: मुख्यमंत्री योगी
जनजातीय समाज की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है डबल इंजन सरकार: मुख्यमंत्री योगी
बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर सोनभद्र को ₹548 करोड़ की 432 विकास परियोजनाओं की सौगात

संवाददाता सद्दाम कुरेशी
चोपन/सोनभद्र। जनजातीय गौरव दिवस एवं ‘धरती आबा’ बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चोपन के रेलवे ग्राउंड में आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार जनजातीय समाज की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को मुख्यधारा के विकास में अग्रणी भागीदार बनाने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा जी का संदेश ‘अबुआ देश–अबुआ राज’ नए भारत में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के रूप में प्रकट हो रहा है। उन्होंने 150 वर्ष पूर्व बिरसा मुंडा द्वारा अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई को नए भारत के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹548 करोड़ की 432 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में 1,000 से अधिक जनजातीय परिवारों को वन अधिकार कानून के अंतर्गत जमीन के पट्टे प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति के कारण अब पात्र जनजातीय परिवारों को अधिकार मिल रहे हैं और उनका दशकों पुराना भय व उत्पीड़न समाप्त हो रहा है।मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों को 25 स्कूटी भी हरी झंडी दिखाकर रवाना की तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।

ऊर्जा राजधानी, प्राकृतिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति का केंद्र
मुख्यमंत्री ने सोनभद्र को ऊर्जा राजधानी बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, प्राचीन इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत संगम है। उन्होंने सलखन फॉसिल पार्क, ज्वालामुखी शक्तिपीठ, शिवद्वार, हाथी नाला और बायोडायवर्सिटी पार्क जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यूनेस्को द्वारा सलखन फॉसिल पार्क को विश्व धरोहर में शामिल किया जाना सोनभद्र की वैश्विक पहचान को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 15 जनजातियों में से 14 जनजातियां अकेले सोनभद्र में निवास करती हैं, जो इसे जनजातीय संस्कृति की जीवंत धरोहर बनाती हैं। एनडीए की बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत पर मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध प्रभु राम और माता जानकी की तरह अटूट है। जनता ने विकास और सुशासन के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल,समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय गौड़ , एमएलसी विनीत सिंह,पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, सदर विधायक भूपेश चौबे, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ,अनिल सिंह,सुनील सिंह इत्यादि लोग उपस्थित रहे।
