धनौरा रोड पर आशियाना भवन में चोरी, CCTV तोड़कर चोरों ने आराम से खंगाला पूरा मकान,फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
. धनौरा रोड पर आशियाना भवन में चोरी, CCTV तोड़कर चोरों ने आराम से खंगाला पूरा मकान
मकान मालिक बाहर, चोर अंदर… देर रात तीन बदमाशों ने ताला तोड़कर उड़ा ले गए सामान
. जामा मस्जिद के पूर्व सदर के घर में बड़ी चोरी, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

उपेंद्र तिवारी सोनभद्र
दुद्धी/सोनभद्र। नगर के धनौरा मार्ग स्थित आशियाना भवन में देर रात तीन की संख्या में आए हथियारबंद चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार मकान मालिक अनिशा एजाज पत्नी ऐजाज अहमद पिछले एक सप्ताह से अपने मायके गाजीपुर (रौंजा) गई हुई थीं। इसी बीच शनिवार की रात लगभग डेढ़ बजे तीन चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हो गए।

घर में प्रवेश करते ही चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाते हुए उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद घर में रखी अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर सामानों को खंगाला गया। मकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा मिला। चोरों की पूरी हरकत CCTV फुटेज में कैद हो चुकी है।
बताया जाता है कि पीड़िता पप्पी अंसारी के पिता मोहम्मद सईद अंसारी उर्फ सईद दीवान, दुद्धी कोतवाली में दीवान रह चुके थे और दुद्धी जामा मस्जिद के पूर्व सदर भी रहे हैं। यह मकान शिवाजी तालाब से लगभग 300 मीटर दूरी पर धनौरा जाने वाली सड़क पर स्थित है।
रविवार की सुबह करीब 10 बजे घर में काम करने वाली महिला ने जब गेट का ताला टूटा देखा तो उसने तुरंत फोन के जरिए सूचना मकान मालकिन को दी। जिसके बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने भाई शमीम अंसारी (पत्रकार) को दी। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने देखा तो घर की स्थिति देख सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज हरिकेश राम आजाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा करने में जुट गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोर कितनी रकम और कौन-कौन से सामान लेकर गए हैं। पत्रकार शमीम अंसारी ने बताया कि बहन के लौटने के बाद ही चोरी गए सामानों का सही विवरण मिल पाएगा।
