संजू सैमसन पर पूर्व क्रिकेटर ने कोच गौतम गंभीर को फिर से घेरा, बोले- मुंह बंदकर चुपचाप खेलना होगा

भारतीय टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जो 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-2 की हार के बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है. सीरीज का पहला मैच बारिश में धुलने के बाद दूसरा मैच शुक्रवार मेलबर्न में आयोजित होगा.
इस मैच से पहले एक बार फिर पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने टीम के हेड कोच गौतम गंभीर पर हमला बोला है. हाल ही में श्रीकांत ने गंभीर को युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा का नाम लेकर घेरा था. तब ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले गंभीर ने भी मीडिया से बातचीत में उनके कॉमेंट पर रिएक्ट किया था. एक बार फिर श्रीकांत ने उन पर निशाना साधा है.
इस बार श्रीकांत ने संजू सैमसन का मुद्दा उठाया है, जिन्होंने भारतीय टी20 टीम में ओपनिंग पॉजिशन पर शानदार परफॉर्मेंस के बाद भी एशिया कप से इस पॉजिशन से हटना पड़ा है और अब भारतीय टीम में उन्हें नंबर 3 से लेकर नंबर 8 तक लगातार किसी भी क्रम पर भेजा जा रहा है. अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए श्रीकांत ने कहा कि इससे संजू स्वभाविक तौर पर निराश ही होंगे लेकिन उनके पास कोई चारा नहीं है और उन्हें अपने होठ बंदकर बिना किसी शिकायत के वहां खेलते रहना होगा, जहां टीम मैनेजमेंट कहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि वह ‘सबसे दुर्भाग्यशाली’ खिलाड़ी हैं.
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए 1983 वर्ल्ड कप चैम्पियन टीम के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘जो व्यक्ति सबसे दुर्भाग्यशाली है वह संजू सैमसन हैं.वह बतौर ओपनर शतक जमा रहे थे. लेकिन अब वे उसे हर जगह भेजते हैं- नंबर 3 से नंबर 8 तक. अगर उन्हें मौका मिले तो वह उसे नंबर 11 पर भी भेज देंगे! संजू जैसे व्यक्ति को निश्चित ही अच्छा करने के बाद बुरा महसूस कर रहे होंगे. लेकिन उनके पास कोई विकल्प नहीं बजाए इसके कि वह अपना मुंह कसकर बंद रखें और वहां बैटिंग करें, जहां टीम उन्हें कहे.’
इस मौके पर 65 वर्षीय श्रीकांत ने कहा, ‘ यहां एकमात्र अच्छी बात यह है कि उन्होंने एशिया कप में पांचवें नंबर पर अच्छा प्रदर्शन किया है. यह एक अच्छा संकेत है क्योंकि संजू अब टी20 वर्ल्ड कप के लिए पहले विकेटकीपर के रूप में पहली पसंद हैं.’
