विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दरभंगा पहुंचे

बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसे में चुनावी माहौल गर्माता जा रहा है। नेताओं के बयानबाज़ी के दौर ने सियासत को और रोचक बना दिया है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को दरभंगा पहुंचे।
इसी बीच जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा वार किया।
उन्होंने एक-एक कर लालू यादव, तेजस्वी यादव, सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि “लालू अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन दोनों ही पद फिलहाल खाली नहीं हैं।” शाह ने इसे पारिवारिक राजनीति की मिसाल बताते हुए जनता से अपील की कि बिहार को फिर से ‘जंगलराज’ के रास्ते पर न जाने दें।
घोटालों पर किया हमला
शाह ने कहा कि लालू यादव चारा, बिटुमिन और जमीन के बदले नौकरी घोटाले में फंसे हैं, जबकि कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे लोगों को फिर से सत्ता में लाना चाहिए जिन्होंने बिहार और देश को लूटा?
