राज्यसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवारों की जीत, महबूबा मुफ्ती उत्साहित

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव जीतने वाले नेशनल कॉन्फ्रेंस के तीन उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे जम्मू-कश्मीर के लोगों का मजबूती से प्रतिनिधित्व करेंगे और संसद में उनके पक्ष में आवाज उठाएंगे।

पीडीपी ने ”भाजपा को दूर रखने” के लिए चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) को समर्थन देने की घोषणा की थी।

महबूबा मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर कहा, ”चौधरी रमजान साहब, सज्जाद किचलू और शमी ओबेरॉय को राज्यसभा के लिए चुने जाने पर बधाई। मुझे उम्मीद है कि वे इस मंच का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर के लोगों का मजबूती से प्रतिनिधित्व करने और उनकी आवाज उठाने के लिए करेंगे।” राज्यसभा की चार सीट के लिए मतदान शुक्रवार को हुआ था और पूरी प्रक्रिया को तीन अधिसूचनाओं में विभाजित किया गया था।

भाजपा का एक प्रत्याशी विजयी

पूर्ववर्ती राज्य के दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजन के बाद जम्मू कश्मीर में हुए पहले राज्यसभा चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के तीन उम्मीदवार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रत्याशी विजयी हुए। राज्सभा की एक सीट पर नेकां के चौधरी मोहम्मद रमजान का भाजपा के अली मोहम्मद मीर से सीधा मुकाबला था। नेकां उम्मीदवार को 58 वोट मिले जबकि भाजपा को पार्टी के कुल 28 वोट ही मिल पाए। दूसरी सीट पर नेकां के सज्जाद किचलू का भाजपा के राकेश महाजन से सीधा मुकाबला था। किचलू को 57 वोट मिले और भाजपा को 28 वोट मिले। नेकां का एक वोट खारिज हो गया।

तीसरी अधिसूचना के लिए नेकां ने दो उम्मीदवार उतारे थे – जी एस ओबेरॉय, जिन्हें शम्मी ओबेरॉय के नाम से भी जाना जाता है, और इमरान नबी डार। दूसरी ओर भाजपा ने अपनी जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख सत शर्मा को मैदान में उतारा था। ओबेरॉय को 31 वोट मिले, जबकि डार को केवल 21 वोट ही मिल पाए। भाजपा उम्मीदवार को 32 वोट मिले जिससे संकेत मिलता है कि पार्टी को संभवतः निर्दलीय विधायकों के चार और वोट मिले। तीन वोट खारिज कर दिए गए।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]