भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 47वें आसियान शिखर सम्मेलन के लिए कुआलालंपुर नहीं आएंगे बल्कि वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल होंगे

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पुष्टि की है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 47वें आसियान शिखर सम्मेलन के लिए कुआलालंपुर नहीं आएंगे बल्कि वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल होंगे।
अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया पर कहा, “हमने इस महीने के अंत में कुआलालंपुर में होने वाले 47वें आसियान शिखर सम्मेलन के आयोजन पर चर्चा की है।
क्या बोले मलेशिया के PM?
प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि उन्होंने (पीएम मोदी) मुझे बताया कि भारत में चल रहे दीपावली समारोह के कारण वह वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल होंगे। मैं उनके फैसले का सम्मान करता हूं और उन्हें और भारत के सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं।”
पीएम मोदी ने क्या कहा?
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अगले सप्ताह मलेशिया में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे। पीएम मोदी ने बृहस्पतिवार को फोन पर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को यह सूचना दी। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मेरे प्रिय मित्र, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ गर्मजोशी से बातचीत हुई। उन्हें मलेशिया की आसियान की अध्यक्षता के लिए बधाई दी और आगामी शिखर सम्मेलनों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।” उन्होंने कहा, ”आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल रूप से शामिल होने और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए उत्सुक हूं।”
