जिला पंचायत सभागार में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का हुआ आयोजन
जिला पंचायत सभागार में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का हुआ आयोजन
झुर्रियो में छुपे अनुभव से ले सीख झुकते कंधो का बने सहाराःविधायक
सिंगरौली 1 अक्टूबर 2025/ अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री राम निवास शाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष सोनम सिंह एवं प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह के गरिमामय उपस्थिति में अंतराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर द्वारा वृद्धजनो का सम्मान कर वृद्धजनो के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। इसी के साथ वृद्ध जनों को सामाजिक न्याय एवं सुरक्षा से जुड़ी योजनों के बारे में जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक श्री शाह के द्वारा वृद्धजनो को संबोधित करते हुये कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के द्वारा वृद्धजनो के सुखमय जीवन के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। वृद्धजन योजनाओं का लाभ उठाए। उन्होने कहा कि वृद्धजन समाज की एक मुख्य कड़ी है जिनके अनुभव से आने वाली पीढ़ी अपना भविष्य को बेहतर बना सकती है अतः हमें यह प्रयास करना होगा कि शासन से मिलने वाली योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके तथा यह सुनिश्चित करना होगा कि वृद्ध जन पूरे सम्मान के साथ अपना जीवन यापन कर सकें।
वही जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम सिंह ने कहा कि बदलते समाज में युवा पीढ़ी को अपने बुजुर्गो के प्रति कर्तव्यो का पालन करना चाहिए वृद्धजनो का अनुभव ज्ञान के खजाने की तरह है अतः हमें उनके साथ अधिक से अधिक समय व्यातित करना चाहिए तथा उनके अनुभवो से सीख लेनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनो द्वारा अपने जीवन के अनुभवो को साझा किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनो ने मनमोहक भक्ति गीतो की प्रस्तुत भी दी। कार्यक्रम में वृद्धजनो को मुख्य अतिथियो द्वारा शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। तथा अंत में उन्हे रूचिकर भोजन भी कराया गया। कार्यक्रम के दौरान रेडक्रास के सचिव ओ.पी राय, डॉ. डी.के मिश्रा, जीतेन्द्र सिंह, मुकुल किशोर, सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी कर्मचारियो सहित वृद्धजन उपस्थित रहे।
