“विशेष जागरूकता अभियान – मै हूं अभिमन्यु -3” का शुभारंभ

“विशेष जागरूकता अभियान – मै हूं अभिमन्यु -3” का शुभारंभ

पुलिस मुख्यालय, भोपाल की मंशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के कुशल नेतृत्व तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री पी.एस.परस्ते के मार्गदर्शन में जिले में आज से “विशेष जागरूकता अभियान – अभिमन्यु” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान महिला एवं बालिका सुरक्षा, समानता और सामाजिक संवेदनशीलता को समर्पित है।

अभियान का उद्देश्य* – अभियान का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि विकसित और सुरक्षित समाज का निर्माण तभी संभव है जब महिला और पुरुष दोनों की समान सहभागिता सुनिश्चित हो। इसके लिए आवश्यक है कि समाज के लड़कों एवं पुरुषों को महिला संबंधी अपराधों के प्रति न केवल जागरूक किया जाए, बल्कि उन्हें संवेदनशील बनाकर एक पूर्वाग्रह-मुक्त, सकारात्मक और जिम्मेदार सोच विकसित की जाए।

महिलाओ एवं बालिकाओ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक पूरे जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता रैली, गोष्ठी, संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे और जिले के प्रमुख स्थानों पर कट-आउट एवं सेल्फी प्वाइंट स्थापित कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

*अभियान की मुख्य विशेषताए*

1. 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले के सभी थाना/चौकी क्षेत्र में अभियान संचालित होगा।

2. प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट और कट-आउट लगाकर आमजन को जोड़ा जाएगा।

3. विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गोष्ठी और जन-जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

4. महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों को समानता और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया जाएगा।

5. समाज में व्याप्त कुरीतियों और नकारात्मक प्रवृत्तियों के खिलाफ सामूहिक जागरूकता फैलाई जाएगी।

थाना सरई – विशेष जागरूकता अभियान “अभिमन्यु” के तहत आज सरई पॉलिटेक्निक कॉलेज सरई में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

थाना विंध्यनगर – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विंध्यनगर में “मैं हूँ अभिमन्यु” जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 100 विद्यार्थी, छात्राएँ, शिक्षक और शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों को जागरूक किया गया और उन्हें सुरक्षा, कानून का पालन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की शपथ भी कराई गई।

महिला थाना – कन्या महाविद्यालय बैढ़न में महिला थाना द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रति जानकारी दी गई और उन्हें सजग रहने की प्रेरणा दी गई।

शपथ ग्रहण – इस अवसर पर उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, समानता, नारी सम्मान और शिक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं सुरक्षित और जागरूक रहेंगे बल्कि अपने परिवार और समाज में भी इस संदेश का प्रसार करेंगे।

पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने कहा कि— *“अभियान अभिमन्यु केवल महिला सुरक्षा का अभियान नहीं है, बल्कि यह समाज को नई सोच, नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का प्रयास है। जब पुरुष और महिला दोनों समान रूप से जिम्मेदारी निभाएँगे तभी एक सुरक्षित और विकसित समाज का निर्माण संभव होगा।”

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]