पंजाब में आई बाढ़ से लड़ने को तैयार आम आदमी पार्टी, केजरीवाल ने की देशवासियों से मदद की अपील

पंजाब में हाल ही में आई भयानक बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस संकट के समय में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक भावुक अपील की है।
उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट या X अकाउंट से एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि जब भी देश पर कोई मुसीबत आती है पंजाब हमेशा सबसे आगे खड़ा होता है। अब जब खुद पंजाब मुश्किल में है तो हम सबकी जिम्मेदारी है कि उसकी मदद करें।
सांसद और विधायक देंगे एक महीने की सैलरी
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी के सभी सांसद और विधायक एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे। उनका कहना है कि यह समय एकजुट होने और इंसानियत दिखाने का है। उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया है कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के लोगों की हर संभव सहायता करें ताकि वह जल्द से जल्द इस त्रासदी से उबर सकें।केजरीवाल ने अपनी अपील में यह भी कहा कि यह केवल पंजाब की नहीं बल्कि पूरे देश की जिम्मेदारी है कि वह अपने भाईयों की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने भरोसा जताया कि देश की जनता एक बार फिर इंसानियत की मिसाल पेश करेगी और पंजाब को संभलने में मदद करेगी।
