एनसीएल बीना क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
एनसीएल बीना क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

क्राइम संपादक रविंद्र सिंह
बीना, 15 अगस्त 2025 – 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनसीएल बीना क्षेत्र में शुक्रवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय महाप्रबंधक, बीना श्री आर.के. सिंह ने महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर सभी कर्मियों एवं हितग्राहियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए देश की प्रगति में संगठनात्मक एकजुटता की अहम भूमिका पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्टाफ अधिकारी (उत्खनन) ने सीएमडी एनसीएल, श्री बी. साईं राम का संदेश वाचन किया। श्रम संगठन के प्रतिनिधियों ने भी अपने उद्बोधन में राष्ट्र सेवा, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को और प्रबल करने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण की ओर विशेष पहल
समारोह के उपरांत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत महाप्रबंधक, श्री आर.के. सिंह ने 100 फलदार पौधों का वितरण किया। उन्होंने सभी को संदेश दिया कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायी धरोहर है।

विद्यालय में सांस्कृतिक उत्सव का आनंद
इसके बाद, महाप्रबंधक बीना क्षेत्र बतौर मुख्य अतिथि डीएवी बीना विद्यालय पहुंचे, जहां विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और भारतीय संस्कृति की झलक पेश की।
इस अवसर पर सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे और देशभक्ति के माहौल में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया गया।
