बीना बस स्टैंड के पास टेलर की चपेट में आए तीन बाइक सवार, एक युवक की मौके पर मौत
बीना बस स्टैंड के पास टेलर की चपेट में आए तीन बाइक सवार, एक युवक की मौके पर मौत

संवाददाता रितेश शर्मा
शक्तिनगर/सोनभद्र: थाना शक्तिनगर अंतर्गत बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रात लगभग 10:25 बजे बीना बस स्टैंड के पास एक बाइक और टेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि तीन युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी बस स्टैंड के समीप सामने से आ रहे टेलर से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद टेलर चालक वाहन सहित भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसी दौरान तीनों युवक उसके नीचे आ गए। सूचना मिलते ही बीना पुलिस और डायल 112 मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल शक्तिनगर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया और दो की हालत गंभीर बताई।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन ट्रामा सेंटर बैढ़न (वैढ़न) ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक की पहचान शिव कुमार (उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी अनपरा) के रूप में हुई है, जबकि घायल सुरेश (25) एवं अखिलेश (23) पुत्र रामबचन, निवासी प्रेम नगर वार्डफनगर, छत्तीसगढ़ बताए जा रहे हैं।
दोनों घायल युवक सगे भाई हैं और बीना में रहकर रोज़गार करते थे। घटना के बाद थाना प्रभारी कुमुद शेखर सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर टेलर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं मृतक का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
