सावन में भी नहीं थम रही मांस की बिक्री, रविवार को शक्तिनगर बाजार में खुलेआम बिक्री से श्रद्धालुओं में रोष
सावन में भी नहीं थम रही मांस की बिक्री, रविवार को शक्तिनगर बाजार में खुलेआम बिक्री से श्रद्धालुओं में रोष

तहसील संवाददाता रितेश शर्मा
शक्तिनगर/सोनभद्र। सावन के पवित्र महीने में जहां एक ओर भक्तजन शिवभक्ति में लीन रहते हैं, वहीं दूसरी ओर शक्तिनगर मुख्य बाजार में रविवार को खुलेआम मांस की बिक्री ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन माह में अधिकांश महिलाएं सोमवार को व्रत रखती हैं और इस समय बाजारों में फूल, फल, सब्जी व अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी जोरों पर होती है। ऐसे माहौल में मांस की सार्वजनिक बिक्री न सिर्फ धार्मिक भावनाओं के विपरीत है, बल्कि समाज में तनाव को भी जन्म दे सकती है।
स्थानीय श्रद्धालु ने नाराजगी जताते हुए कहा, “हर साल सावन में हम व्रत रखते हैं और पूजा के लिए बाजार आते हैं, लेकिन मांस की बदबू और खुलेआम बिक्री से पूरा माहौल अशुद्ध हो जाता है। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
हालांकि, इस संबंध में अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सावन माह के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और ऐसे धार्मिक अवसरों पर मांस बिक्री को प्रतिबंधित किया जाए। स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी इसे गंभीर मुद्दा मानते हुए जिला अधिकारी को ज्ञापन देने की तैयारी शुरू कर दी है।
