आरक्षित वन भूमि पर अवैध जुताई, ट्रैक्टर जब्त
आरक्षित वन भूमि पर अवैध जुताई, ट्रैक्टर जब्त —

संवाददाता – अजय गुप्ता
विंढमगंज, सोनभद्र
विंढमगंज वन रेंज के अंतर्गत औराडंडी कंपार्टमेंट संख्या-2 में बीती रात आरक्षित वन भूमि पर अवैध रूप से जुताई करते हुए एक ट्रैक्टर को वन विभाग की टीम ने धर दबोचा। यह कार्रवाई वन रेंजर इमरान खान के नेतृत्व में की गई। मौके पर मौजूद लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए। जब्त ट्रैक्टर को रेंज कार्यालय लाकर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोन थाना क्षेत्र के भालूकुदर पुरानडीह गांव निवासी रामलाल, पांच अज्ञात महिला-पुरुषों के साथ रात करीब 9 बजे आरक्षित वन भूमि में अवैध रूप से ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। गश्ती पर निकली वन विभाग की टीम को इसकी भनक लगते ही तुरंत मौके पर पहुंची और जुताई कर रहे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। लेकिन मौके की नजाकत और अंधेरे का लाभ उठाकर ट्रैक्टर चालक सहित अन्य लोग भाग निकले।
वन रेंजर इमरान खान ने बताया कि जब्त किए गए ट्रैक्टर को रेंज कार्यालय में खड़ा कर भारतीय वन अधिनियम की धारा 5/26 व 69 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, पूरे क्षेत्र में वन भूमि की सतत निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि भविष्य में इस प्रकार की कोई अवैध गतिविधि दोहराई न जा सके।उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षित वन भूमि पर अतिक्रमण, अवैध खेती, कटाई अथवा अन्य किसी भी गतिविधि को सख्ती से रोका जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान वन दरोगा अवधेश कुमार, वनरक्षक राहुल कुमार, विवेक कुमार तथा वाचक देवचंद भी मौजूद रहे। विभाग ने मौके से फरार हुए लोगों की तलाश तेज कर दी है और जल्द ही उनकी पहचान कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
