निमिषा को बचाने में लगी भारत सरकार

यमन में हत्या के मामले में दोषी ठहराई गई केरल के पलक्कड़ जिले की रहने वाली नर्स निमिषा प्रिया को मौत की सजा मिली है। इसके लिए 16 जुलाई की तारीख मुकर्रर भी कर दी गई है।

इसे रोकने के लिए भारत पुरजोर कोशिश कर रहा है। पलक्कड़ जिले के कोलेनगोड़े की प्रिया को जुलाई 2017 में यमन के एक व्यक्ति की हत्या का दोषी ठहराया गया था। वह व्यक्ति प्रिया का बिजनेस पार्टनर था।

यमन की अदालत ने 2020 में उसे मौत की सजा सुनाई थी और देश की सर्वोच्च न्यायिक परिषद ने नवंबर 2023 में उसकी अपील खारिज कर दी थी। निमिषा इस समय यमन की राजधानी सना की जेल में बंद है और यमन में इस समय ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है। यमन में मौत की सजा पाए दोषियों को वीभत्स तरीके से मारा जाता है। पहले कुछ मामलों में सार्वजनिक तौर पर फांसी दी जाती थी तो कुछ केस में सिर कलम कर दिया जाता था। लेकिन अब एकमात्र तरीका जल्लाद द्वारा दिल पर गोली मारा जाना है। यमन में मृत्युदंड दुनियाभर के किसी भी देश से सबसे ज्यादा है।

कई राउंड फायर करता है जल्लाद

रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्तमान में यमन में सिर्फ एक मात्र तरीके से मृत्युदंड दिया जाता है और वह गोली मारना है। मृत्युदंड दिए जाने की प्रक्रिया के तहत व्यक्ति को जमीन पर, गलीचे या फिर कंबल पर उलटा लिटा दिया जाता है, इसके बाद एक जल्लाद राइफल लेकर उसकी पीठ पर कई राउंड फायर करता है। वह दोषी व्यक्ति के दिल पर गोली मारने की कोशिश करता है, जिससे उसकी जल्द मौत हो जाए। दिल सटीक किस जगह पर है, उसकी पहचान डॉक्टर पहले ही कर लेता है।

निमिषा को बचाने में लगी भारत सरकार

भारत निमिषा को बचाने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है। एक सरकारी सूत्र ने कहा कि हम मामले पर लगातार कड़ी नज़र रख रहे हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि भारत 16 जुलाई को होने वाली फांसी को रोकने के प्रयासों में लगा है। इस मामले में कुछ जटिलताएं हैं क्योंकि भारतीय पक्ष का हूती विद्रोहियों के साथ कोई औपचारिक संपर्क नहीं है। प्रिया की मां प्रेमकुमारी अपनी बेटी की रिहाई सुनिश्चित कराने के प्रयासों के तहत पिछले वर्ष यमन गई थीं। बताया जाता है कि भारतीय पक्ष ने प्रिया की रिहाई ‘दियात’ या ‘ब्लड मनी’ देकर सुनिश्चित करने के विकल्प पर भी विचार किया था लेकिन इसमें भी कुछ बाधा आई। ‘दियात’ का मतलब उस आर्थिक मुआवजे से है, जो दोषी की तरफ से पीड़ित परिवार को दिया जाता है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]