धार्मिक रूपों में नजर आने वाले तेज प्रताप इस बार शिवभक्ति में लीन नजर आए

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। हमेशा धार्मिक रूपों में नजर आने वाले तेज प्रताप इस बार शिवभक्ति में लीन नजर आए।
उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे शिवलिंग के सामने ध्यान की मुद्रा में भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं।
वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “अकाल मृत्यु वो मरे जो काम करे चाण्डाल का… काल भी उसका क्या बिगाड़े, जो भक्त हो महाकाल का। ना पूछो मुझसे मेरी पहचान, मैं तो भस्मधारी हूं… हर हर महादेव।”
काशी विश्वनाथ मंदिर में वीडियो बनाने पर विवाद
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो किस स्थान पर शूट किया गया है, लेकिन इससे पहले तेज प्रताप वाराणसी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में रील बनाने को लेकर विवादों में घिर चुके हैं। बताया जा रहा है कि वायरल हो रहे इस वीडियो की लोकेशन मंदिर के ‘रेड ज़ोन’ क्षेत्र की हो सकती है।
‘रेड जोन’ में मोबाइल प्रतिबंधित
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन के मुताबिक, मंदिर का ‘रेड ज़ोन’ वह क्षेत्र है जहां मोबाइल फोन ले जाना और फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी सख्त रूप से वर्जित है। वायरल वीडियो में तेज प्रताप मंदिर परिसर के अंदर दिखाई दे रहे हैं, जिससे सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस को दी गई है। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज प्रताप यादव का यह धार्मिक पहलू उनके समर्थकों के बीच लोकप्रिय जरूर है, लेकिन धार्मिक स्थलों पर बनाए जा रहे ऐसे वीडियो अब प्रशासनिक और कानूनी चुनौतियों में बदलते दिख रहे हैं।
