वोल्वो ड्राइवर प्रेम सागर भारती के परिवार पर भुखमरी का संकट, खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक को सौंपा गया ज्ञापन
वोल्वो ड्राइवर प्रेम सागर भारती के परिवार पर भुखमरी का संकट, खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक को सौंपा गया ज्ञापन

संवाददाता रितेश शर्मा
सोनभद्र/उत्तर प्रदेश। खड़िया क्षेत्र में कार्यरत वोल्वो ड्राइवर श्री प्रेम सागर भारती के परिवार पर भुखमरी का संकट गहराता जा रहा है। जनता मजदूर संघ के क्षेत्रीय सचिव श्री छोटू सिंह ने इस संबंध में खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल बकाया भुगतान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि श्री प्रेम सागर भारती की छंटनी के बाद से उनका परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। बकाया वेतन, पीएलआई, अर्जित अवकाश वेतन सहित अन्य लाभों का भुगतान न होने के कारण परिवार भुखमरी का सामना कर रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि श्री भारती के पुत्र का हीमोग्लोबिन मात्र 8% रह गया है, जिससे बच्चे की जान को खतरा पैदा हो गया है। जनता मजदूर संघ ने लेबर लॉ 1970 का हवाला देते हुए कहा है कि यदि ठेकेदार द्वारा मजदूरों का भुगतान नहीं किया जाता, तो मुख्य नियोक्ता की जिम्मेदारी बनती है कि वह ठेका कर्मियों को उनका बकाया वेतन उपलब्ध कराए। एनसीएल खड़िया क्षेत्र पर श्री प्रेम सागर भारती का भुगतान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। ज्ञापन में यह चेतावनी दी गई है कि यदि मंगलवार, 11 फरवरी 2025 तक सभी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो श्री भारती का परिवार महाप्रबंधक कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेगा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक की होगी।प्रतिलिपि उच्च अधिकारियों को भेजी गई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, क्षेत्राधिकारी पिपरी, सहायक श्रमायुक्त प्रयागराज, एनसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित जनता मजदूर संघ के शीर्ष नेतृत्व को भी सूचना दी गई है।यह मामला खड़िया क्षेत्र में श्रमिकों की दशा और उनके अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन और खड़िया परियोजना प्रबंधन इस पर क्या कदम उठाते हैं।
