भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए कुरूद में कार्यकर्ता सम्मेलन कर शंखनाद किया…….

भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए कुरूद में कार्यकर्ता सम्मेलन कर शंखनाद किया। इस दौरान कुरूद नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के भाजपा पार्षद प्रत्याशी अपने- अपने वार्डों से रैली निकालकर पुरानी मंडी पहुंचे।जहां पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सभा को संबोधित किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ज्योति चंद्राकर सहित सभी पार्षद प्रत्याशियों ने जनता का आशीर्वाद मांगा।इस अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, आप सबके सुख- दुःख में खड़े होने वाले, जन- जन से सतत संपर्क रखने वाले हमारे परिश्रमी कार्यकर्ता ज्योति भानु चंद्राकर को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। इन्हें आशीर्वाद देना है। उन्होंने आगे कहा कि, अध्यक्ष सहित सभी 15 पार्षद भाजपा के जिताने की जिम्मेदारी आपकी है। नगर को संवारने की जिम्मेदारी हमारी है। श्री चंद्राकर ने कहा- कांग्रेस ने कुरूद में सिर्फ भ्रष्टाचार, नशाखोरी और अतिक्रमण को बढ़ावा दिया है। विकास की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
