राहुल गांधी आज भी नहीं करेंगे प्रचार, मुस्तफाबाद में होनी थी रैली

राहुल गांधी की रैली रद्द हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को गुरुवार शाम सात बजे मुस्तफाबाद में रैली को संबोधित करना था। मगर खराब सेहत की वजह से वजह से वह प्रचार नहीं कर पाएंगे।इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली के सदर बाजार विधानसभा क्षेत्र में अपनी प्रस्तावित जनसभा को संबोधित नहीं कर सके थे। पार्टी नेताओं ने बताया कि डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। जिसकी वजह से वह रैली में नहीं आएंगे।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पवन खेड़ा सहित पार्टी नेताओं ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने शराब घोटाले को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा। इसी कॉन्फ्रेंस के दौरान यादव ने बताया कि राहुल गांधी आज रैली को संबोधित नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा, मुझे इस बात का दुख है कि राहुल गांधी जो दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की मजबूत आवाज के तौर पर पूरे देश में जाने जाते हैं, वो कल डॉक्टर्स की हिदायत की वजह से सदर में हमारा जो कार्यक्रम था, वहां नहीं पहुंच पाए। मुझे आपको सूचित करते हुए खेद है कि आज भी जो हमारा कार्यक्रम था उसे उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए, डॉक्टर्स की सलाह के बाद कैंसिल किया जा रहा है।
पार्टी नेताओं ने किया था संबोधित
इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के निकट बुधवार को प्रस्तावित जनसभा को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं ने संबोधित किया। सदर बाजार से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल भारद्वाज उम्मीदवार हैं। ज्ञात हो कि राजधानी में सीलमपुर में हुई के बाद यह दूसरी रैली थी। माना जा रहा है कि अगले दो दिन की रैली में वह नहीं पहुंच पाएंगे। देवेंद्र यादव ने जनसभा में कहा कि राहुल गांधी की तबियत खराब होने के कारण यहां नहीं पहुंच सकेंगे। देर तक इंतजार के बाद इस घोषणा के बाद उसके बाद यहां से लोग जाने लगे।
राहुल गांधी का संदेश पढ़ा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राहुल गांधी का संदेश पढ़ा, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि तबीयत ठीक होने के बाद वह लोगों से मिलेंगे। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस का समर्थन करने का आह्वान किया।
