चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बांग्लादेश को लगा झटका, शाकिब गेंदबाजी टेस्ट में फिर विफल


बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन का चैंपियंस ट्रॉफी में खेलना संदिग्ध माना जा रहा है क्योंकि वह एक बार फिर गेंदबाजी टेस्ट में फेल हो गए हैं। 37 वर्षीय ऑलराउंडर ने पिछले साल सितंबर में काउंटी चैंपियनशिप में सरे के लिए एक मैच खेला था।इस दौरान मैदानी अंपायर ने उनके गेंदबाजी एक्शन को अवैध पाया था और रिपोर्ट की थी। सितंबर में लाफबॉरो विश्वविद्यालय में एक स्वतंत्र परीक्षण से शाकिब के गेंदबाजी एक्शन के अवैध होने की पुष्टि हुई थी।

शाकिब ने पिछले महीने चेन्नई में दिया टेस्ट
गेंदबाजी एक्शन अवैध पाए जाने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने शाकिब पर प्रतिबंध लगा दिया था और इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भी कार्रवाई करते हुए सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में गेंदबाजी करने से प्रतिबंध लगा था। शाकिब ने फिर चेन्नई में टेस्ट दिया, लेकिन यहां भी नतीजा नकारात्मक ही आया। शाकिब के गेंदबाजी एक्शन पर नई जांच पिछले महीने चेन्नई के रामचंद्र खेल विज्ञान केंद्र में हुई थी।
बीसीबी ने एक बयान में कहा, ‘लॉफबॉरो यूनिवर्सिटी द्वारा शाकिब पर लगाया निलंबन जारी रहेगा। निलंबन की समाप्ति के लिए एक सफल जांच की जरूरत है। शाकिब गेंदबाजी करने के योग्य नहीं हैं लेकिन वह एक बल्लेबाज के रूप में सभी प्रारूप खेल सकते हैं।’ शाकिब का यह जारी निलंबन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए बांग्लादेश के दल को भी प्रभावित कर सकता है क्योंकि तीन जनवरी को ही बीसीबी अध्यक्ष फारूक अहमद ने शाकिब की टीम में वापसी की इच्छा जाहिर की थी।

अक्तूबर 2024 में खेला आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच
वहीं ऐसी भी खबरें सामने आई थीं कि बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो भी शाकिब को वनडे टीम में शामिल किए जाने के पक्ष में हैं। बीसीबी ने घोषणा की है कि वह रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए बांग्लादेश टीम का एलान करेगा। भारत के खिलाफ सितंबर-अक्तूबर 2024 में दो टेस्ट खेलने के बाद से ही शाकिब ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। इसके बाद वह बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के चलते स्वदेश वापस नहीं जा पाए थे। शाकिब ने अपना पिछला वनडे 2023 के वनडे विश्व कप में खेला था।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]