मनमोहन सिंह के नाम पर हो दिल्ली के नए कॉलेज का नाम; NSUI की पीएम मोदी से अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दिल्ली को कई सौगातें देंगे, इस दौरान वे नजफगढ़ में ‘वीर सावरकर कॉलेज’ की आधारशिला भी रखेंगे। हालांकि इससे पहले ही इस कॉलेज के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।दरअसल कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उनसे दिल्ली विश्वविद्यालय के इस प्रस्तावित नए कॉलेज का नाम वीर सावरकर की बजाय पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम पर रखने का अनुरोध किया है।

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने शिक्षा और प्रशासन में सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए अनुरोध किया कि कॉलेज उनकी विरासत का सम्मान करे।

पत्र में लिखा गया है, ‘माननीय प्रधानमंत्री जी, आप वीर सावरकर के नाम पर, दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले एक कॉलेज का उद्घाटन करने वाले हैं। NSUI दृढ़ता से मांग करती है कि इस संस्थान का नाम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के नाम पर रखा जाए। उनके हाल ही में हुए निधन से एक बड़ी क्षति हुई है और उनके योगदान और विरासत को सम्मानित करने का सबसे अच्छा तरीका यह होगा कि प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को उनके नाम पर समर्पित किया जाए।’

NSUI ने भारत के विभाजन के दौरान एक छात्र से लेकर पूरी दुनिया में पहचान बनाने तक की मनमोहन सिंह की जीवन यात्रा को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक विद्वान, अर्थशास्त्री और लोक सेवक के रूप में सिंह की विरासत लचीलेपन, योग्यता और लोक कल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पिछले महीने 26 तारीख को 92 वर्ष की आयु में दिल्ली में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था।

NSUI ने कहा, ‘सिंह ने IIT, IIM और एम्स जैसे अनेक संस्थान स्थापित किए और केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम पेश किया। उनके नाम पर संस्थानों का नामकरण पीढ़ियों को प्रेरित करेगा और उनके परिवर्तनकारी दृष्टिकोण का सम्मान करेगा। सरकार को भारत के लिए उनके अद्वितीय योगदान को मान्यता देने के लिए तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।’

बता दें कि पीएम मोदी शुक्रवार को जिस संस्थान की आधारशिला रखेंगे, इसे 2021 में दिल्ली विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद द्वारा अनुमोदित किया गया था।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]