‘शेख हसीना को वापस बांग्लादेश भेजो…’, यूनुस सरकार ने भारत से की मांग

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत आई हैं, तब से दोनों देशों के बीच रिश्ते खराब हैं. अब खबर आई है कि बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने भारत सरकार को एक पत्र लिखा है.इस चिट्ठी के जरिए यूनुस ने शेख हसीना (Sheikh Hasina) को वापस ढाका भेजने की मांग की है.
हसीना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
आपको बता दें कि शेख हसीना इस साल 5 अगस्त से भारत में निर्वासन में रह रही हैं. वह छात्रों के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों के बीच देश छोड़कर भारत आ गई थीं. ढाका स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) ने ”मानवता के खिलाफ अपराध और नरसंहार” के लिए हसीना और उनकी कैबिनेट में शामिल मंत्रियों, सलाहकारों और सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं.
अंतरिम सरकार में विदेश मंत्री तौहीद हुसैन ने अपने कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा, हमने भारत सरकार को एक राजनयिक संदेश भेजा है. जिसमें कहा गया है कि बांग्लादेश में न्यायिक प्रक्रिया के लिए उन्हें (हसीना) वापस ढाका भेजा जाए.
ढाका-नई दिल्ली के बीच प्रत्यर्पण संधि मौजूद
इससे पहले दिन में, गृह मंत्रालय के सलाहकार जहांगीर आलम ने कहा कि उनके कार्यालय ने भारत से अपदस्थ प्रधानमंत्री हसीना के प्रत्यर्पण के लिए विदेश मंत्रालय को एक पत्र भेजा है. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, हमने उनके (हसीना) प्रत्यर्पण के संबंध में विदेश मंत्रालय को एक पत्र भेजा है, प्रक्रिया अभी जारी है.
गृह मंत्रालय के सलाहकार ने कहा, कि ढाका और नई दिल्ली के बीच प्रत्यर्पण संधि पहले से ही मौजूद है. इस संधि के तहत हसीना को बांग्लादेश वापस लाया जा सकता है.
