तेलंगाना एक जंगली इलाके में पुलिस से हुई मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए

तेलंगाना के मुलुगु जिले के एक जंगली इलाके में रविवार को पुलिस से हुई मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए। पुलिस ने बताया कि एतुरनगरम के वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान तेलंगाना पुलिस के विशिष्ट नक्सल रोधी बल ‘ग्रेहाउंड्स’ और माओवादियों के बीच यह मुठभेड़ हुई।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए। उन्होंने कहाकि मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियारों में दो एके 47 राइफल शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा कि मारे गए माओवादियों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की तेलंगाना राज्य समिति (येलंडु नरसामपेट) का सचिव कुरसाम मंगू उर्फ भद्रू भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, माओवादी विरोधी दस्ते के साथ समन्वय में तेलंगाना ग्रेहाउंड्स ने जंगल में एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा बलों से मुठभेड़ होने पर माओवादियों ने कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इसके बाद हुई गोलीबारी में सात माओवादी मारे गये। मृतकों की पहचान कुरसम मंगू उर्फ भद्रू उर्फ पपन्ना (35), एगोलापु मल्लैया उर्फ मधु (43), मुसाकी देवल उर्फ करुणाकर (22), जय सिंह (25), किशोर (22), कामेश (23) के रूप में हुई।

हालिया समय का सबसे बड़ा एनकाउंटर
मुलुगू जिले में हालिया वर्षों में पहला बड़ा एनकाउंटर है। प्रतिबंधित माओवादी संगठन द्वारा खुद को फिर से यहां पर स्थापित करने की कोशिशें जारी हैं। यहां पर माओवादियों का प्रभाव दिखने लगा है। 21 नवंबर को माओवादियों ने पुलिस का जासूस होने के शक में दो लोगों को मार डाला। मृतकों की पहचान उइका रमेश और निवासी उइका अर्जुन के रूप में हुई है। रमेश उसी मंडल में पेरुरू ग्राम पंचायत का सचिव था। हमलावरों ने शवों के पास एक नोट छोड़ा था, जिसमें लिखा था कि रमेश और अर्जुन जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं और इसे माओवादी विरोधी अभियानों में शामिल राज्य पुलिस की एक विशिष्ट एजेंसी विशेष खुफिया ब्यूरो (एसआईबी) को दे रहे हैं।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]