चुनाव से पहले डिप्टी सीएम फडणवीस की सुरक्षा बढ़ाई गई

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनकी सुरक्षा में अब पूर्व फोर्स वन के जवान भी शामिल रहेंगे। एक अधिकारी ने शुक्रवार जानकारी देते हुए बताया कि उपमुख्यमंत्री फडणवीस को वर्तमान में ‘जेड प्लस’ सुरक्षा कवर प्राप्त है, जिसकी देखभाल महाराष्ट्र पुलिस की विशेष सुरक्षा इकाई (एसपीयू) द्वारा की जाती है।अधिकारी ने कहा कि किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम उठाया गया है। डिप्टी सीएम की सुरक्षा में लगे कर्मियों को बदल दिया गया है। उन्होंने बताया कि जो कर्मी पहले फोर्स वन (राज्य पुलिस की एक विशिष्ट कमांडो इकाई) में काम कर चुके थे और अब एसपीयू से जुड़े हुए हैं, उन्हें डिप्टी सीएम के सुरक्षा कवच में रखा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ भाजपा नेता को कोई विशेष खतरा नहीं है और सुरक्षा विस्तार में बढ़ोतरी समीक्षा के आधार पर सिर्फ एक एहतियाती कदम है।
महायुति और एमवीए मुख्य प्रतिद्वंदी की भूमिका में
बता दें कि महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा, जबकि वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। इस चुनाव में महायुति (भाजपा के नेतृत्व में) और महा विकास अघाड़ी (शिवसेना और कांग्रेस गठबंधन) मुख्य प्रतिद्वंदी की भूमिका में हैं।
