यूपी के सरकारी कर्मचारियों के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक्स्ट्रा छुट्टियों की घोषणा की

उत्तर प्रदेश में दिवाली पर इस साल दो दिन सरकारी छुट्टी रहेगी। यूपी के सरकारी कर्मचारियों के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक्स्ट्रा छुट्टियों की घोषणा की है। अब कर्मचारियों को 31 अक्टूबर और 1 नवंबर दोनों दिन छुट्टी मिलेगी, जिससे उन्हें दिवाली मनाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।अतिरिक्त छुट्टियों के साथ उत्तर प्रदेश में विभिन्न सरकारी कार्यालय और माध्यमिक विद्यालय 1 नवंबर को भी बंद रहेंगे। इस साल दिवाली का उत्सव 31 अक्टूबर से शुरू होकर 1 नवंबर की शाम तक चलेगा, जिससे कर्मचारियों को परिवार के साथ जश्न मनाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
दिवाली के चलते 31 अक्टूबर को पहले ही पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा हो चुकी है, लेकिन अब सरकार ने 1 नवंबर 2024 को भी दिवाली की छुट्टी की घोषणा कर दी है। इसके चलते पूरे यूपी में 1 नवंबर को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों में 31 अक्टूबर को दिवाली की आधिकारिक छुट्टी घोषित की है। इसके बाद 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा होगी और 3 नवंबर को भैया दूज मनाई जाएगी। इसके चलते 31 अक्टूबर और 2 एवं 3 नवंबर को यूपी के सभी स्कूल बंद रहेंगे। अब सरकार ने 1 नवंबर 2024 को भी छुट्टी घोषित कर दी है।
हालांकि, योगी सरकार ने 31 अक्टूबर के अलावा 1 नवंबर को आधिकारिक छुट्टी शर्तों के साथ दी है। एक सरकारी आदेश में कहा गया है कि 1 नवंबर 2024 के बदले 9 नवंबर 2024 दिन शनिवार को कोई छुट्टी नहीं रहेगी। उस दिन सभी सरकारी काम सामान्य दिनों की तरह होगी। ऐसे में कर्मचारियों को ऑफिस जाना होगा।
