पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कमला हैरिस का जमकर समर्थन किया और डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा

पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने गुरुवार को कमला हैरिस का जमकर समर्थन किया और डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति इस पद के लिए उतनी ही तैयार हैं, जितना कि अतीत में राष्ट्रपति पद के लिए कोई भी उम्मीदवार था।साथ ही यह भी कहा कि नवंबर का चुनाव डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन उम्मीदवार के बीच कड़ी टक्कर वाला होगा।बता दें, अमेरिका में पांच नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। रिपब्लिकन ने डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेट्स ने कमला हैरिस को मैदान में उतारा है। दोनों उम्मीदवार एक दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इनके समर्थक भी लगातार एक दूसरे पर हमलावर हो रहे हैं।
ट्रंप पर हमला
उन्होंने कहा कि वह लोगों की हताशा और उनकी इस भावना को समझते हैं कि वे (राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ) इसे बेहतर कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे यह समझ नहीं आता कि कोई भी यह कैसे सोच सकता है कि डोनाल्ड ट्रंप आपके लिए कुछ अच्छा करेंगे। इस बात का कोई सबूत भी नहीं है कि यह शख्स अपने बिना किसी और के बारे में सोचता है। ट्रंप आपके बारे में नहीं सोच रहे हैं। वह सत्ता को साधन से अधिक कुछ नहीं मानते। वह चाहते हैं कि मध्यम वर्ग एक और भारी कर कटौती की कीमत चुकाए जो उन्हें और उनके दोस्तों को लाभ पहुंचाएगा।
