नेपाल सरकार ने भारी बारिश का नया अलर्ट जारी किया

नेपाल सरकार ने बुधवार को भारी बारिश का नया अलर्ट जारी किया. कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण बड़े पैमाने पर बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं, जिससे हिमालयी देश में 240 से अधिक लोगों की मौत हो गई है.नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक ने अधिकारियों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है, क्योंकि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बृहस्पतिवार को कोशी और बागमती प्रांतों के साथ-साथ काठमांडू घाटी में भारी वर्षा होने की संभावना है.
कोशी और बागमती के लिए चेतावनी
यह चेतावनी जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग द्वारा दोनों प्रांतों के कुछ हिस्सों में और अधिक भारी बारिश के संभावित खतरों का उल्लेख करने के बाद आयी है. लेखक ने राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए), मुख्य जिला अधिकारियों और स्थानीय सरकारों से आपदाओं के संभावित जोखिम के प्रति सावधान रहने का आग्रह किया.
