सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने शनिवार को देश के 8 हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस की नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी कर दी

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने शनिवार को देश के 8 हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीशों (चीफ जस्टिस) की नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी कर दी. इसी क्रम में कॉलेजियम ने दिल्ली, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, मध्य प्रदेश, केरल, मेघालय और मद्रास हाईकोर्ट के लिए मुख्य न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है.
इस संबंध में कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर पोस्ट किया है कि भारत के संविधान से मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति को उच्च न्यायालयों के निम्नलिखित मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण करते हुए प्रसन्नता हो रही है.
मनमोहन होंगे दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस
उन्होंने यह भी बताया है कि दिल्ली उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनमोहन को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाता है. वहीं न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शकधर को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.
एमपी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बने सुरेश कुमार
इसी तरह दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश और कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति इंद्र प्रसन्ना मुखर्जी को मेघालय उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.
नितिन मधुकर केरल HC के चीफ जस्टिस नियुक्त
इसी तरह बॉम्बे हाई कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति नितिन मधुकर जामदार को केरल हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ताशी रबस्तान को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.
एमएस रामचंद्र बने झारखंड HC के नए चीफ जस्टिस
वहीं बॉम्बे हाई कोर्ट की न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्रीराम कल्पना राजेंद्रन को मद्रास हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश और हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव को झारखंड हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.
