1.30 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी: पीएम मोदी जन्मदिन पर देंगे तोहफा –

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 74वां जन्मदिन मनाएंगे। इस अवसर पर वह देश की 1.30 करोड़ महिलाओं को तोहफा देने जा रहे हैं। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने बताया कि ओडिशा में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने ‘मोदी गारंटी’ दी थी, जिसमें वादा किया था कि यदि बीजेपी सत्ता में आती है तो हर महिला को पांच साल में ₹50,000 दिए जाएंगे।पात्रा ने बताया कि यह प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होगी, जिसमें करीब 1.30 करोड़ महिलाओं को ‘सुभद्रा योजना’ के तहत ₹5000 की पहली किश्त मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी अपने जन्मदिन पर ओडिशा का दौरा करेंगे, जहां वह सुभद्रा योजना का उद्घाटन कर लाभार्थियों को पहली किश्त जारी करेंगे।
पीएम मोदी – दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता
प्रधानमंत्री मोदी के 74वें जन्मदिन के मौके पर देशभर में बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। हाल ही में हुए एक सर्वेक्षण के अनुसार, पीएम मोदी जो बिडेन, ऋषि सुनक और जस्टिन ट्रूडो को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं।
अजमेर शरीफ दरगाह में लंगर
पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर अजमेर शरीफ दरगाह में विशेष लंगर आयोजित किया जाएगा। यहां लगभग 4000 किलोग्राम शाकाहारी भोजन तैयार कर वितरित किया जाएगा। दरगाह के अधिकारियों द्वारा जारी बयान के अनुसार, ऐतिहासिक ‘बिग शाही देग’ का उपयोग करके यह लंगर तैयार किया जाएगा और इसे लोगों में वितरित किया जाएगा।
सुभद्रा योजना का लाभ कैसे प्राप्त करें
सुभद्रा योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या स्थानीय सरकारी कार्यालय से संपर्क करना होगा। वहां से आवेदन पत्र प्राप्त करें और आवश्यक जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, फोटो, उम्र का प्रमाण और बैंक खाता विवरण के साथ फॉर्म जमा करें। यह आवेदन ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। आवेदन करने के बाद आपको एक पावती मिलेगी, जिसके द्वारा आप अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
