कांग्रेस जल्द जारी करेगी हरियाणा में चुनावी घोषणापत्र, चिदंबरम ने BJP पर साधा निशाना

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने सोमवार को कहा कि पार्टी की हरियाणा इकाई में कोई मतभेद नहीं है और पार्टी पांच अक्टूबर को होने वाला राज्य विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी।पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कृषि, अर्थव्यवस्था और राज्य के कर्ज सहित कई मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस सप्ताह अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कोई फूट नहीं

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी। कांग्रेस की हरियाणा इकाई में अंदरूनी कलह की खबरों पर चिदंबरम ने कहा कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कोई फूट नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई प्रभावशाली नेता हैं, ऐसे में स्वाभाविक रूप से वे उम्मीदवारों के लिए जोर डालेंगे लेकिन यकीन है कि सभी एकजुट होकर प्रचार करेंगे और चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा, ”कांग्रेस पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। प्रदेश इकाई में कई नेता हैं और हम उन सभी का सम्मान करते हैं। स्वाभाविक रूप से नेताओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होगी।”

सैलजा ने हुड्डा के खिलाफ एक भी शब्द नहीं कहा

चिदंबरम ने कहा, ”मेरी अच्छी मित्र (कुमारी) सैलजा जी ने (भूपेंद्र सिंह) हुड्डा के खिलाफ एक भी शब्द नहीं कहा है और न ही हुड्डा ने सैलजा के खिलाफ एक शब्द कहा है। इसलिए हम एकजुट पार्टी हैं। हम यह चुनाव एकजुट होकर लड़ेंगे। हमें विश्वास है कि हमें हरियाणा की जनता का समर्थन मिलेगा।” भाजपा नेता अनिल विज द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश किए जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर चिदंबरम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन के कारण ऐसा हो रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों ने निश्चित रूप से मोदी के रथ पर गतिरोधक लगा दिया है और इसका एक असर यह है कि भाजपा का केंद्रीय कमान प्रदेश भाजपा पर नियंत्रण खो रही है। चिदंबरम ने आरोप लगाया, ”अगर और लोग भी इस पद के लिए दावेदारी पेश करें तो मुझे हैरानी नहीं होगी। इससे पता चलता है कि हरियाणा में भाजपा एकजुट नहीं है।”

पूर्व मंत्री विज ने रविवार को कहा था कि अगर भाजपा हरियाणा में सत्ता में लौटती है तो वह मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करेंगे। छह बार विधायक रहे विज की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब भाजपा पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि अगर वह सरकार बनाती है तो नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री होंगे। चिदंबरम ने मतदाताओं से आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा, ”किसी पार्टी के सत्ता में रहने के लिए 10 साल का समय काफी होता है।” उन्होंने कहा, ”मेरा व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि लोगों को 10 साल में कम से कम एक बार सरकार जरूर बदलनी चाहिए।”

कृषि के मुद्दे पर भाजपा नीत सरकार पर निशाना

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कृषि के मुद्दे पर भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में करीब 70 प्रतिशत आबादी किसी न किसी तरह से कृषि पर निर्भर है। उन्होंने आरोप लगाया, ”कृषि ऋण का 32 प्रतिशत हिस्सा पेशेवर साहूकारों का है, संस्थागत ऋणदाताओं का नहीं। हरियाणा सरकार पिछले 10 वर्षों में किसानों को कृषि ऋण उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि फसल बीमा योजना हरियाणा सहित पूरे देश में पूरी तरह विफल है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]