यूपी के दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का किया एलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के हीड़ी पकड़िया गांव के बुढ़वा बाबा कुटी के मैदान पर विकास समेत जनकल्याण वाली 12 अरब 31 करोड़ रुपये की 6,778 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए पिछले आगमन के दौरान खेल मैदान दिया था, इस बार सीएम ने खिलाड़ियों को खेल किट सौंपा। इसके बाद सीएम ने उपस्थित जनता को सरकार के कामकाज का हिसाब देते हुए नीतियों संग मंशा से अवगत कराया।
दो लाख युवाओं की होगी भर्ती
सीएम ने कहा कि सरकार ने साढ़े छह लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा किया है। पुलिस में 60 हजार 200 युवाओं की भर्ती गतिमान है। इसके संपन्न होते ही 40 हजार पुलिस कर्मियों की नई भर्ती होगी। दोनों भर्तियों में 25 हजार बेटियों को पुलिस की वर्दी पहनाएंगे।
अधीनस्थ चयन आयोग से 40 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे। शिक्षा विभाग में नौकरियां देने की तैयारी चल रही है। सरकारी विभागों में दो लाख युवाओं की भर्ती होने वाली है, युवा तैयारी में जुट जाएं।
